प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, 36-37 दयाल बाग, अंबाला कैंट में समाज सेवा प्रभाग ब्रह्माकुमारीज के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें पीजीआई चंडीगढ़ से आई मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस सेवा कार्य में 65 रक्त वीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिनमें अनेक ब्रह्माकुमारी बहनें भी शामिल रहीं। सभी रक्तदाताओं को मेडल, सर्टिफिकेट, ईश्वरीय कैलेंडर तथा पौष्टिक आहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंबाला सबजोन निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्त की कोई फैक्ट्री नहीं होती, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए, क्योंकि हमारे रक्तदान से किसी की अमूल्य जिंदगी बच सकती है।
मुख्य अतिथि डॉ. जोगिंदर सिंह, प्रधान रोटरी क्लब इंडस्ट्रियल एरिया ने कहा कि मानवता की सच्ची सेवा वही है जो जीवन बचाने का कार्य करे। राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी नीति दीदी, जोनल कॉर्डिनेटर समाज सेवा प्रभाग एवं संचालिका शाहाबाद सेवाकेन्द्र ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में निस्वार्थ सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर उन्होंने 60वीं बार रक्तदान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में अनेक सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी शेली दीदी ने सभी को राजयोग मेडिटेशन कराया तथा राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने रक्तदाताओं को ईश्वरीय संदेश देकर उनके इस सेवा कार्य के लिए प्रेरित किया।





